ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे में हुई हत्या के मामले में 24 वर्षीय एक युवक को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि आठ नवंबर, 2018 को राजबहादुर रामलाल पटेल (37) अपने काम से घर लौट रहे थे तभी आरोपी सचिन उपाध्याय ने लगभग रात आठ बजे शराब पीने के लिए पटेल से पैसे मांगे। पटेल द्वारा मना करने पर सचिन ने उन्हें लाठी से मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें यहां के जे जे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 11 नवंबर 2018 को उनकी मौत हो गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आ रहा है। पुलिस ने जाल बिछा कर शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
