श्रीनगर, 29 मई (वार्ता) लद्दाख को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाले श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एकतरफा यातायात बहाल हो गया।
राजमार्ग के साप्ताहिक मरम्मत के लिए इसपर शुक्रवार को यातायात निलंबित कर दिया गया था।
एक यातायात पुलिस अधिकारी ने आज यूनीवार्ता को बताया कि शुक्रवार को श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात की अनुमति नहीं दी गई।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से जोजिला दर्रे पर राजमार्ग के साप्ताहिक मरम्मत के लिए यातायात निलंबित किया गया। अधिकारी ने बताया कि अगले आदेश तक हर शुक्रवार को राजमार्ग पर यातायात की अनुमति नहीं होगी।
राजमार्ग पर आज केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख से श्रीनगर जाने के लिए वाहनों के परिचालन की अनुमति दी गई। वाहनों को आज 0700 बजे से 1400 के बीच कारगिल के मिनमर्ग से रवाना हो जाने का निर्देश दिया गया। इस समय-अवधि के बीत जाने के बाद किसी भी वाहन को कश्मीर के लिए निकलने की अनुमति नहीं दी गई।
