पटना: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद से चुप्पी साधे रहे बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुंगेर से सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने आज पार्टी संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से भेंट कर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।
श्री सिंह यहां शुक्रवार को पार्टी संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष श्री कुशवाहा से उनके सरकारी आवास पर मिलने गए। दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में लगभग एक घंटे तक बातचीत हुई। हालांकि दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई इसकी जानकारी तो नहीं मिल सकी है लेकिन बिहार की राजनीति में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बाद में श्री सिंह ने पत्रकारों के पूछे जाने पर कहा कि उन्हें केंद्र में मंत्री नहीं बनाए जाने पर किसी तरह का असंतोष नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहले ही कह दिया था कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को इसके लिए अधिकृत किया गया था, वह ही बात भी कर रहे थे इसलिए अंतिम फैसला उन्हीं को लेना था।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को शामिल किया गया है। श्री सिंह के केंद्र में मंत्री बनाए जाने के बाद अब जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पड़ को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसी चर्चा है कि श्री कुशवाहा को जदयू का नया अध्यक्ष बनाया जा सकता है। वहीं, सांसद ललन सिंह को भी दावेदार बताया जा रहा है। ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात भी कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रही है।