भानु प्रकाश पाठक, 13 नवंबर,विशाल इंडिया
लखनऊ: उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आज मंगलवार को हुई। बैठक में फैजाबाद मंडल का नाम बदल कर अयोध्या मंडल और इलाहाबाद मंडल का नाम बदल कर प्रयागराज मंडल किए जाने के फैसले पर मुहर लगा दी गयी है। कैबिनेट ने मंडल के साथ जिलों का भी नाम बदला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने यह जानकारी दी।
सुरेश खन्ना ने बताया कि मंत्रिमंडल ने इलाहाबाद मंडल का नाम प्रयागराज मंडल किये जाने तथा फैजाबाद मंडल का नाम अयोध्या मंडल किए जाने के फैसले पर अपनी मुहर लगा दी । खन्ना ने बताया कि प्रयागराज मंडल में प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर और प्रतापगढ़ जिले शामिल होंगे जबकि अयोध्या मंडल में अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सुल्तानपुर और अमेठी जिले शामिल हैं। यह सभी जिले पहले भी इन्ही मंडलों में शामिल थे।
इससे पहले, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के दिन घोषणा की थी कि फैजाबाद जिला अब से अयोध्या के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने राज्य की राजधानी लखनऊ से तकरीबन 120 किलोमीटर दूर स्थित इस तीर्थनगरी में कहा, ”अयोध्या हमारी ‘आन, बान और शान का प्रतीक है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि अयोध्या में नया मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है और इसका नाम राजर्षि दशरथ पर रखा जाएगा। यहां पर बन रहे एयरपोर्ट का नाम मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के नाम पर रखा जायेगा।