06 नवंबर, शिवानी उपमन्यु , नोएडा : वैसे तो हर दिन हमारे लिए किसी न किसी वजह से खास रहता है चाहे वह बीता हुआ कल हो या आने वाला कल । लेकिन जब इतिहास की बात करें तो 6 नवंबर का दिन देश व विदेश में कई कारणों से महत्वपूर्ण रहा है उनमें से एक कारण देश के बापू कहे जाने वाले गांधी जी से भी जुड़ा है ।आइये जानते है कि- कैसे 6 नवंबर का दिन भारतीय इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा गया ।
6 नवंबर 1913 का ही वो दिन था था जब महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद की नीतियों के खिलाफ ‘द ग्रेट मार्च’ का नेतृत्व किया था। इस आंदोलन में सैकड़ों भारतीयों ने अपनी अन्तरात्मा और स्वाभिमान को चोट पहुंचाने वाले कानून के सामने झुकने के बजाय अपनी स्वतंत्रता को बलि चढ़ाना पसंद किया था।
साल 1906 में ट्रांसवैल सरकार ने दक्षिण अफ्रीका की भारतीय जनता के पंजीकरण के लिए अपमानजनक अध्यादेश जारी किया। जिसके बाद इस कानून के खिलाफ पूरे साउथ अफ्रीका में विरोध किया गया।भारतीयों ने साल 1906 में महात्मा गांधी के नेतृत्व में एक जनसभा का आयोजन किया और इस कानून के खिलाफ विरोध किया। जिसके बाद एक ऐसे सत्याग्रह का जन्म हुआ, जो पलटवार के बजाय अहिंसक पर विश्वास रखता था।
रंगभेद को लेकर ये संघर्ष दक्षिण अफ्रीका में सात साल तक चलता रहा, लेकिन गांधी जी के नेतृत्व में भारतीय अल्पसंख्यकों के छोटे से समुदाय ने अपने विरोधियों के खिलाफ जी-जान से संघर्ष जारी रखा। काफी संघर्ष के बाद साल 1913 में इस आंदोलन के आखिरी चरण में सैकड़ों भारतीयों को जेल की हवा खानी पड़ी, जिसमें महिलाएं भी शामिल थी।
वहीं जो मजदूर काम ना करने के लिए हड़ताल पर बैठे थे उन्हें कोड़ों की मार, जेल की हवा और गोली मारने तक के आदेश दें दिए गए थे। इसके बावजूद सभी भारतीयों ने साहस के साथ इन सभी परेशानियों का सामना किया।
आखिरकार भारतीयों को कड़ी मेहनत और संघर्ष का फल मिला। जब भारतीय सरकार और ब्रिटिश सरकार के दबाव के तहत एक समझौते को स्वीकार किया गया। इस समझौते को लेकर गांधी जी और दक्षिण अफ्रीकी सरकार के प्रतिनिधि जनरल जॉन क्रिश्चियन स्मेट्स के बीच बातचीत की गई। आखिरकार समझौता हुआ और भारतीय राहत विधेयक पास हुआ ।
यह भी जाने : देश और दुनिया के इतिहास में 6 नवंबर कई कारणों से महत्वपूर्ण है, जिनमें से ये सभी प्रमुख हैं ।
- 1763:ब्रिटिश फौज ने मीरकासिम को हराकर पटना पर कब्जा किया।
- 1913:महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद की नीतियों के खिलाफ ‘द ग्रेट मार्च’ का नेतृत्व किया।
- 1998:अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने डेट्रॉइन क्षेत्र को ‘ऑटोमोबाइल राष्ट्रीय स्मारक क्षेत्र’ घोषित किया।
- 1998:सियाचिन में युद्धविराम का भारत का प्रस्ताव पाकिस्तान को नामंजूर।
- 1999:ऑस्ट्रेलिया ने ब्रितानी राजतंत्र को नहीं ठुकराने का फैसला किया।
- 2004: रूस ने क्योटो करार की पुष्टि की ।