नई दिल्ली। बुली बाई ऐप प्रकरण में मुंबई पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की। ओडिशा से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान नीरज सिंह के रूप में हुई है। आरोपी को मुंबई की क्राइम ब्रांच टीम ने गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बता दें कि इससे पहले बुली बाई ऐप केस में तीन और लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस प्रकरण में कार्रवाई दिल्ली और मुंबई दोनों राज्य पुलिस की ओर से की जा रही है। बीते सोमवार को इन तीनों आरोपियों की जमानत याचिकाओं का विरोध हुआ था, जांच में सामने आया था कि ये तीनों आरोपी सुल्?ली सौदे मामले से भी जुड़े हुए थे। इस मामले में अभी तक विशाल कुमार, नीरज बिश्नोई और 18 वर्षीय श्वेता की गिरफ्तारी हो चुकी है।
क्या है बुली बाई ऐप केस
1 जनवरी को गिटहब ऐप के जरिए एक खास धर्म की कई महिलाओं की तस्वीरें पोस्ट की गईं थी। इनमें पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र और प्रसिद्ध हस्तियां शामिल थीं। यह सुल्ली डील के विवाद के छह महीने बाद हुआ। इस मामले में एक महिला पत्रकार ने जब खुद की तस्वीर इस ऐप में देखी तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की कार्रवाई शुरू की। इस मामले में दिल्ली और मुंबई में मुकदमा दर्ज हुआ था।
बताया ये भी जा रहा था इंजीनियरिंग के छात्र विशाल कुमार झा ‘बुली बाई’ के अनुयायियों में से एक था, जिसके जरिये पुलिस को उन सभी का सुराग मिला। होस्टिंग प्लेटफॉर्म गिटहब ने ‘सुली डील्स’ को जगह दी और उस पर ‘बुली बाई’ भी बनाई गई। बाद में विवाद शुरू होने के बाद गिटहब ने यूजर ‘बुली बाई’ को अपने होस्टिंग प्लेटफॉर्म से हटा दिया। लेकिन तब तक इसने देशव्यापी विवाद को जन्म दे दिया था।
खालिस्तानी समर्थक के ट्वीटर से किया जाता था प्रचारित
आपको बता दे कि ऐप को एटदरेट बुली बाई नाम के एक ट्विटर हैंडल द्वारा भी प्रचारित किया जा रहा था, जिसमें एक खालिस्तानी समर्थक की डिस्प्ले तस्वीर थी।
