शिमला: हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रामपुर उपमण्डल में कल देर शाम एक कार अनियंत्रित होकर एक 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई जिसमें तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। दो अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना काशापाट-तकलेच संपर्क मार्ग पर तकलेच के निकट पुने में करीब पौने आठ बजे हुई। दुर्घटना में लता देवी (45), उनकी बेटी अंजली, मनोरमा (45) और गिरीश कुमार (35) की मौत हो गई और कार चालक अशोक कुमार और कुलदीप कुमार घायल हो गये। दोनों को शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
