अहमदाबाद: पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित एक समारोह में मंडल रेल प्रबंधक तरुण जैन ने मंडल पर वर्ष 2021-22 के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए 278 रेलकर्मियों को अवार्ड प्रदान किया गया तथा उन्हें नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
श्री जैन ने गुरुवार को यहां बताया कि अहमदाबाद मंडल पर 67वाँ रेल सप्ताह समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया और रवीन्द्रनाथ टैगोर हॉल ,पालड़ी, अहमदाबाद में आयोजित एक समारोह में उन्होंने मंडल पर वर्ष 2021-22 के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए 278 रेलकर्मियों को अवार्ड प्रदान कर उन्हें नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल से सम्मानित किया।
उन्होंने बताया कि मंडल के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के संयुक्त प्रयास के कारण ही अहमदाबाद मंडल पश्चिम रेलवे के साथ ही साथ भारतीय रेलवे स्तर पर भी एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर सका है। सबसे पहले यदि हम संरक्षा की बात करें तो अहमदाबाद मंडल पर वर्ष 2021-22 में एक भी दुर्घटना नहीं हुई है, यह हमारे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है और इसे हमें बनाए रखना है। अहमदाबाद मंडल का गांधीनगर कैपिटल रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भारतीय रेलवे का प्रथम पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन है, यह भी हमारे मंडल के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।
श्री जैन ने कहा कि विद्युतीकरण के मामले में भी यह मंडल 392 रूट किमी का विद्युतीकरण कर भारतीय रेलवे में सबसे अधिक विद्युतीकरण के मामले में दूसरा स्थान हासिल किया है जिसके परिणामस्वरूप अहमदाबाद मंडल की 23 जोड़ी ट्रेनों को डीजल से इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन में बदला गया है। लदान एवं राजस्व के मामले में भी अहमदाबाद मंडल ने नए-नए कीर्तिमान बनाए हैं । हमने वर्ष 202-22 में 100 करोड़ रूपए का राजस्व हासिल कर अब तक की सर्वश्रेष्ठ कमाई की । ये सभी कार्य हम सबके संयुक्त कार्य का ही प्रतिफल है। इससे यह प्रतित होता है कि हम एक बड़ी उपलब्धि की ओर बढ़ रहे हैं। इसी संदर्भ में एक महान विचारक श्री जॉन सी. मैक्सवेल ने कहा था कि ‘सच तो यह है कि टीम वर्क महान उपलब्धि की बुनियाद है’ और हमलोग इसी को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
हमारे टीम वर्क एवं उपलब्धियों के कारण ही मुख्यालय स्तर पर हमें प्रतिष्ठित महाप्रबंधक दक्षता शील्ड सहित कुल 10 दक्षता शील्ड इस वर्ष प्राप्त हुए हैं। जिसमें वाणिज्य विभाग, सिविल इंजीनियरिंग शील्ड , अहमदाबाद-एकता नगर जनशताब्दी एक्सप्रेस के श्रेष्ठ रखरखाब हेतु प्रथम पुरस्कार, अहमदाबद बीजी डीपो को बेस्ट ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार, भीलड़ी रनिंग रूप को बेस्ट रखरखाव हेतु लोलिंग शील्ड व फर्स्ट रैंक ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार, पश्चिम रेलवे में सर्वाधिक लदान के लिए वेस्ट लोडिंग प्रयास शील्ड, राजभाषा एवं ईएनएचएम ट्राफी प्राप्त करने का गौरव मिला है। इसके अतिरिक्त इंटर डिवीजनल क्लिननेस शील्ड एवं सिगनल एवं टेलीकॉम शील्ड भी मंडल को अन्य मंडल के साथ शेयरिंग में प्राप्त हुए हैं। पश्चिम रेलवे में अहमदाबाद मंडल को सबसे अधिक शील्ड प्राप्त करने का गौरव प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त लगभग 17 अधिकारियों/कर्मचारियों को व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किया गया है।
श्री जैन ने कहा कि आज हमलोग यहाँ मंडल स्तर पर वर्ष 2021-22 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत करने के लिए उपस्थित हैं। इस दौरान मैं अपने कर्मचारियों से यह कहना चाहता हूँ कि पुरस्कार किसी के द्वारा किए गए कार्य का प्रतिफल नहीं बल्कि उसका हौसला अफजाई है ताकि और अच्छा कार्य कर सकें तथा अन्य सहकर्मी को उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिल सके। उन्होंने इस अवसर पर पुरस्कार प्राप्त करने वाले रेल कर्मियों को बधाई दी तथा उन्हे भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान एक रोचक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। समारोह में पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अहमदाबाद की अध्यक्षा श्रीमती गीतिका जैन, अपर मंडल रेल प्रबंधक अनंत कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिमल शिंदे, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारिगण तथा रेल कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सहायक कार्मिक अधिकारी वैभव गुप्ता ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन स्थापना विभाग की वेलफेयर की टीम ने किया।
