नयी दिल्ली : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के बाद गुरूवार को यहां केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की।
श्री शाह ने एक ट्वीट संदेश में कहा, “ राजग के राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी से भेंट कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। उनके नाम की घोषणा से ही जनजातीय समाज अत्यंत गौरव की अनुभूति कर रहा है।
मुझे विश्वास है कि उनके प्रशासनिक व सार्वजनिक अनुभव का लाभ पूरे देश को मिलेगा।”
इससे पहले यहां पहुंचने पर श्रीमती मुर्मू का हवाई अड्डे पर दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी और रमेश बिधूड़ी सहित पार्टी के तमाम नेताओं ने भव्य स्वागत किया।
वह राष्ट्रपति चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रबंधन टीम के समन्वयक केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुण्डा, केन्द्रीय संस्कृति एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और भाजपा महासचिव तरुण चुघ के साथ राजधानी आयी थी।
सूत्रों के अनुसार श्रीमती मुर्मू शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
